भीलवाड़ा , फरवरी 03 -- राजस्थान में भीलवाड़ा के पुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को बारिश के पानी से भरी खदान में नहाने गया एक किशोर की डूबने से मौत हो गयी।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि अलास्का रिसोर्ट के पास अरिहंत विहार के बालाजी विहार निवासी गोविंद सिंह (16) अपने दो दोस्तों राजवीर सिंह और रितिक यादव के साथ नहाने उतरा था। खदान के एक हिस्से में पानी कम था, जबकि दूसरा हिस्सा अचानक गहरा हो जाता है। नहाते समय गोविंद का पैर फिसला और वह गहराई में चला गया। घबराकर उसने रितिक को पकड़ लिया, जिससे दोनों डूबने लगे।
राजवीर ने हिम्मत दिखाते हुए रितिक को तो बाहर खींच लिया, लेकिन गोविंद हाथ से छूट गया और पानी में समा गया। दोनों दोस्तों ने रस्सी से तलाश की, आसपास मौजूद लोगों से मदद मांगी, मगर कोई आगे नहीं आया।
सूचना मिलते ही परिजन दौड़ पड़े और पुलिस भी मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद गोविंद को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित