पोकरण (जैसलमेर) , मई 09 -- केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने भ्रष्टाचार पर 'जीरो टॉलरेंस' की नीति स्पष्ट करते हुए चेताया है कि पानी के पैसे में भ्रष्टाचार करने वालों का हश्र भी पूर्व मंत्री महेश जोशी जैसा ही होगा।
श्री शेखावत शनिवार को जैसलेर जिले में पोकरण क्षेत्र के फलसूंड गांव में रात्रि चौपाल में यह बात कही। उन्होंने न केवल भ्रष्टाचार के खिलाफ हुंकार भरी, बल्कि राजस्थान के लिए बड़ी आर्थिक सौगात की भी घोषणा की। उन्होंने बताया कि राजस्थान में जल जीवन मिशन (जेजेएम) जो पिछले कुछ समय से जांच और बजट की कमी के कारण ठप पड़ा था, उसे फिर से पुनर्जीवित कर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि वह कल ही राजस्थान के खाते में 4800 करोड़ रुपए स्वीकृत कराकर आये हैं। इतने दिनों तक जांच के चलते ठेकेदारों का भुगतान रुका हुआ था और काम ठप थे लेकिन अब पैसे की कोई कमी नहीं आएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस मिशन को वर्ष 2028 तक बढ़ा दिया है और देश भर के लिए एक लाख करोड़ रुपए का अतिरिक्त बजट आवंटित किया गया है।
श्री शेखावत ने जल जीवन मिशन में हुई धांधलियों और बिजली संकट को लेकर जिला प्रशासन और पूर्ववर्ती सरकार को आड़े हाथों लिया। भ्रष्टाचार पर 'जीरो टॉलरेंस' की नीति स्पष्ट करते हुए शेखावत ने कड़े शब्दों में चेतावनी दी और कहा कि पानी के पैसे में भ्रष्टाचार करने वालों का हश्र भी पूर्व मंत्री महेश जोशी जैसा ही होगा। केंद्रीय मंत्री ने दो टूक कहा कि वह मंच से हजारों लोगों के बीच कह रहा हैं, चाहे कोई किसी का भी खास हो या कितनी भी बड़ी सिफारिश लेकर आए, जिसने जनता के हक के पानी में चोरी की है, उसे सजा भुगतनी पड़ेगी। वह किसी को नहीं छोड़ेंगे ।
श्री शेखावत ने जिला कलेक्टर को स्पष्ट निर्देश दिया कि पानी वितरण में रसूखदारों के बजाय सबसे पहले उस गरीब आदमी की चिंता की जाए, जिसके पास पैरवी के लिए कोई साधन नहीं है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो वे इसे केवल विभाग की नहीं, बल्कि जिला कलेक्टर के नेतृत्व वाले प्रशासन की विफलता मानेंगे। उन्होंने अधिकारियों को 'फूलप्रूफ मैकेनिज्म' बनाकर काम करने की हिदायत दी।
बिजली की समस्या पर उन्होंने पूर्ववर्ती सरकार और अधिकारियों पर भारत सरकार को गुमराह करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अधिकारियों ने यह 'झूठा' हलफनामा दिया कि राजस्थान में 100 प्रतिशत बिजली पहुंच चुकी है जबकि जैसलमेर और बाड़मेर के हजारों घरों में अब भी अंधेरा है। उन्होंने प्रधानमंत्री की नई योजना के तहत एक हजार दिनों के भीतर हर छूटे हुए घर तक बिजली पहुंचाने का भरोसा दिया।
श्री शेखावत ने घोषणा की कि वे देर रात तक रुककर एक-एक ग्रामीण का कागज लेंगे और उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने प्रशासन को 'लेफ्ट ओवर' (छूटे हुए) ढाणियों का सर्वे कर उन्हें जल जीवन मिशन से जोड़ने के कड़े निर्देश दिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित