धार , अप्रैल 20 -- मध्यप्रदेश में धार जिले के बाग वन परिक्षेत्र में पानी की तलाश में भटक रहा एक पांच माह का तेंदुआ शावक कुएं में गिर गया, जिससे उसकी डूबने से मौत हो गई।

वन विभाग के अनुसार पाडल्या बीट क्षेत्र में दोपहर के समय एक चौकीदार जब कुएं पर मोटर चालू करने पहुंचा, तब उसने पानी में तैरता हुआ शावक का शव देखा और इसकी सूचना अधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई।

मौके पर बाग पंचायत के सरपंच धर्मेंद्र बामनिया ने कुएं में उतरकर करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद शावक के शव को बाहर निकाला और वन विभाग को सौंप दिया। वन विभाग के एसडीओ सुनील सुलिया ने बताया कि मृत शावक का पोस्टमार्टम डॉक्टरों के तीन सदस्यीय पैनल द्वारा कराया जा रहा है। इसके बाद प्रोटोकॉल के तहत उसका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

वन परिक्षेत्र अधिकारी एच.एस. कनोजे ने बताया कि गर्मी के मौसम में जंगलों के प्राकृतिक जल स्रोत सूखने के कारण वन्यजीव पानी की तलाश में बस्तियों के पास आ जाते हैं, जिससे ऐसे हादसे बढ़ जाते हैं। वन विभाग ने वन्यजीवों के लिए जंगल में अस्थायी जलस्रोत विकसित करने की योजना बनाई है, ताकि उन्हें सुरक्षित स्थान पर पानी उपलब्ध कराया जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित