छिंदवाड़ा , सितंबर 07 -- मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के चौरई नगर के वार्ड नंबर एक स्थित तहसील रोड पर बुधवार सुबह पानी की टंकी के पास एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान लोहारा निवासी शुभम के रूप में हुई है। उसके शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हत्या की आशंका से भी इनकार नहीं किया है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह कुछ लोगों ने पानी की टंकी के पास युवक का शव पड़ा देखा और पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
पुलिस के अनुसार मृतक के पेट पर चोट के निशान पाए गए हैं। चोट वाली जगह पर हल्दी का लेप लगा होने की बात भी सामने आई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि चोट के निशान किन परिस्थितियों में आए और युवक पानी की टंकी के पास कैसे पहुंचा।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास जानकारी जुटाने के साथ मृतक के परिजनों और परिचितों से पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। मौत हत्या के कारण हुई या किसी अन्य वजह से, इसका खुलासा जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित