नंदुरबार , अक्टूबर 29 -- महाराष्ट्र के नंदुरबार जिले के एक किसान को पानी की भारी कमी के कारण 12 एकड़ में लगी केले की फसल को नष्ट करने के लिए मजबूर होना पड़ा है।
नंदुरबार के शहादा तालुका के 'मामास मोहिदा' इलाके के किसान रमाकांत पाटिल ने पानी खत्म हो जाने के बाद लगभग तैयार हो चुकी फसल को ट्रैक्टर से चलने वाले रोटावेटर की मदद से नष्ट कर दिया। श्री पाटिल ने इस फसल की खेती में लगभग 10 लाख रुपये का निवेश किया था और उन्हें 25 से 30 लाख रुपये की कमाई की उम्मीद थी लेकिन पानी की कमी ने उनकी अच्छी फसल की उम्मीदों पर पानी फेर दिया, जिससे उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ा। स्थिति इसलिए और भी चिंताजनक है क्योंकि उनके खेत से महज सात किलोमीटर की दूरी पर सारंगखेड़ा तापी बांध मौजूद है। पानी का स्रोत पास होने के बावजूद इलाके के किसानों को सिंचाई की पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित