चंडीगढ़ , मई 28 -- हरियाणा में हरित और आधुनिक सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पानीपत में इलेक्ट्रिक बस डिपो का उद्घाटन किया और 80 इलेक्ट्रिक सिटी बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
श्री सैनी ने कहा कि यह पहल राज्य में स्वच्छ, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था की दिशा में बड़ा कदम है।
उन्होंने बताया कि रवाना की गयी 80 बसों में 40 बसें पानीपत, 15 यमुनानगर, 10-10 कुरुक्षेत्र और सोनीपत तथा पांच बसें पंचकूला को दी गयी हैं। उन्होंने कहा कि ये बसें हरियाणा के आधुनिक और स्वच्छ भविष्य की शुरुआत हैं। उन्होंने बताया कि पानीपत में करीब सात करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक बस डिपो बनाया गया है। इसके अलावा राज्य के आठ अन्य जिलों में भी इलेक्ट्रिक बस डिपो निर्माणाधीन हैं, जहां आधुनिक चार्जिंग सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इलेक्ट्रिक बस सेवाएं शुरू होने से पेट्रोल-डीजल पर निर्भरता कम होगी, प्रदूषण घटेगा और यात्रियों को आरामदायक यात्रा सुविधा मिलेगी। सरकार रेलवे की तर्ज पर बसों में ट्रैकिंग सिस्टम लागू करने की तैयारी कर रही है, जिससे यात्री मोबाइल एप के जरिए बसों की लोकेशन और समय की जानकारी ले सकेंगे। उन्होंने घोषणा की कि हरियाणा रोडवेज की तर्ज पर छात्रों को इलेक्ट्रिक बसों में भी बस पास सुविधा दी जाएगी। साथ ही एक वर्ष के भीतर 10 नये इलेक्ट्रिक बस स्टैंड बनाये जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में 10 प्रमुख शहरों में सिटी बस सेवा संचालित हो रही है। अस्सी नयी बसों के शामिल होने से इलेक्ट्रिक बसों की कुल संख्या 155 हो गयी है। इसके अलावा गुरुग्राम और फरीदाबाद के लिए 650 एसी बसें तथा चंडीगढ़-दिल्ली एयरपोर्ट-गुरुग्राम और धार्मिक स्थलों के लिए 50 नयी इलेक्ट्रिक एक्सप्रेस बसें खरीदी जाएंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित