पानीपत , मार्च 16 -- हरियाणा में पानीपत शहर के पॉश इलाके सेक्टर 13/17 में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक खाली पड़े खंडहरनुमा मकान से एक युवक का लहूलुहान शव बरामद हुआ।
पुलिस ने हालांकि मृतक की पहचान 22 वर्षीय विशाल निवासी हरिनगर के रूप में की है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अज्ञात हमलावरों ने विशाल पर तेजधार हथियार से कई वार कर उसकी हत्या कर दी और शव को खंडहर मकान में फेंककर फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस के मुताबिक युवक के शरीर पर तेजधार हथियार के कई निशान मिले हैं।
मृतक के परिजन सतीश ने बताया कि विशाल रविवार को घर पर ही था। इसी दौरान मोहल्ले के कुछ युवक उसे बुलाकर अपने साथ ले गए थे। काफी देर तक जब वह वापस नहीं लौटा और उसका मोबाइल फोन भी बंद आने लगा तो परिवार को चिंता हुई। इसके बाद परिजनों ने अपने स्तर पर उसकी तलाश शुरू कर दी।
तलाश के दौरान परिजन सेक्टर 13/17 के एक सुनसान और खंडहर पड़े मकान के पास पहुंचे। वहां का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। मकान के भीतर फर्श पर विशाल का शव खून से लथपथ पड़ा था। उसके शरीर पर चाकू के गहरे घाव थे।
पुलिस और फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी (एफएसएल) टीम ने जुटाए सबूत घटना की सूचना मिलते ही संबंधित थाना पुलिस और सीआईए की टीमें मौके पर पहुंच गईं। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से उंगलियों के निशान और अन्य साक्ष्य एकत्रित किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पानीपत के सामान्य अस्पताल के शवगृह में भिजवा दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित