पानीपत , मार्च 14 -- हरियाणा में पानीपत के असंध रोड पर शनिवार को बाइक सवार बदमाशों के सरेआम एक मनी एक्सचेंज केन्द्र के बाहर ताबड़तोड़ गोलियां चला देने से अफरा-तफरी मच गई।

घटना अनेजा पेट्रोल पंप के सामने स्थित दुकान के बाहर हुई, जहां बदमाशों ने आधा दर्जन से अधिक राउंड फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया और आसपास के व्यापारियों में भारी रोष देखने को मिला।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह हमला सोची-समझी साजिश का हिस्सा प्रतीत हो रहा है। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने वारदात से पहले दुकान के आसपास करीब पांच बार रेकी की थी। वे संभवतः मौके और समय का इंतजार कर रहे थे। दोपहर के समय जब असंध रोड पर लोगों की आवाजाही अधिक थी, तभी हमलावरों ने अचानक हथियार निकालकर अंधाधुंध गोलियां चला दीं।

दिनदहाड़े हुई इस फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर सीआईए यूनिट, थाना पुलिस, साइबर सेल और फॉरेंसिक टीम पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से गोलियों के खोल और अन्य अहम साक्ष्य जुटाए हैं।

फिलहाल पुलिस दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके और उनके फरार होने के रूट का पता लगाया जा सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित