पानीपत , सितंबर 09 -- हरियाणा के पानीपत के काबड़ी रोड स्थित फैक्ट्री में काम के दौरान एक मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी। मजदूर भारी ड्रम उठाते समय बेहोश होकर जमीन पर गिर गया और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतक की पहचान सटहू राय (58) के रूप में हुई है। परिजनों और साथी श्रमिकों ने फैक्ट्री मालिक पर समय पर इलाज का खर्च उपलब्ध नहीं कराने का आरोप लगाया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सटहू राय काबड़ी रोड स्थित एक फैक्ट्री में मजदूरी करता था। बताया जा रहा है कि वह केमिकल से लदा भारी-भरकम ड्रम उठा रहा था। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। साथी श्रमिक उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे।

अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने बताया कि भारी वजन उठाने या अंदरूनी खिंचाव के कारण उनकी आंत फट गई है और तत्काल ऑपरेशन व इलाज की जरूरत है। इलाज का खर्च अधिक होने पर परिजनों और श्रमिकों ने कच्चा काबड़ी फाटक स्थित सीएसआर कंपनी के मालिक से आर्थिक मदद मांगी। आरोप है कि मालिक ने इलाज का खर्च उठाने से इनकार कर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित