पानीपत , अप्रैल 04 -- हरियाणा के पानीपत में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता एवं पार्षद के पति सुरेन्द्र गर्ग पर हुए जानलेवा हमले में उनकी आंख गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गयी।

घायल भाजपा नेता की हालत को देखते हुए उन्हें शनिवार सुबह अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान, दिल्ली रेफर किया गया। डॉक्टरों के अनुसार, हमले में उनकी आंख पर गहरी चोट लगी है और आंख का काफी हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है।

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार देर शाम वार्ड-17 की पार्षद रजनी गर्ग और उनके पति, पूर्व पार्षद सुरेंद्र गर्गपर उनके कार्यालय में हमला किया गया। परिजनों का आरोप है कि सफाई सुपरवाइजर और उसके परिजनोंने सुरेंद्र गर्ग के चेहरे पर कांच का गिलास मार दिया, जिससे कांच का टुकड़ा उनकी आंख में घुस गया।

पुलिस के अनुसार, इस मामले में सात नामजद और 10 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गयी हैं।

नगर निगम से सफाई का ठेका लेने वाली कंपनी के ठेकेदार राजकुमार हुड्डा ने बताया कि आरोपी मोहित को पांच दिन पहले ही नौकरी से निकाल दिया गया था। वह पहले वार्ड-26 में कार्यरत था, जहां उसके खिलाफ कई शिकायतें मिली थीं। बाद में उसे वार्ड-17 में लगाया गया, लेकिन वहां भी शिकायतों के कारण उसे हटा दिया गया।

बताया जा रहा है कि नौकरी के सिलसिले में ही मोहित शुक्रवार शाम सुरेंद्र गर्ग के कार्यालय पहुंचा था, जहां दोनों के बीच कहासुनी हो गयी। आरोप है कि कुछ देर बाद मोहित 10-12 लोगों के साथ दोबारा ऑफिस पहुंचा और सभी के पास अवैध हथियार और चाकू थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित