पानीपत , अप्रैल 04 -- हरियाणा के पानीपत में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) एक नेता पर जानलेवा हमला हुआ जिसमें उनकी आंख गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गई। घायल की हालत को देखते हुए उन्हें शनिवार सुबह अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), दिल्ली रेफर किया गया।
डॉक्टरों के अनुसार, हमले में उनकी आंख पर गहरी चोट लगी है और आंख का काफी हिस्सा डैमेज हो गया है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक शुक्रवार देर शाम वार्ड-17 की पार्षद रजनी गर्ग और उनके पति, पूर्व पार्षद सुरेंद्र गर्ग पर उनके कार्यालय में हमला किया गया। परिजनों का आरोप है कि सफाई सुपरवाइजर और उसके परिजनों ने सुरेंद्र गर्ग के चेहरे पर कांच का गिलास मार दिया, जिससे कांच का टुकड़ा उनकी आंख में घुस गया।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में सात नामजद और 10 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं।
इधर, नगर निगम से सफाई का ठेका लेने वाली कंपनी के ठेकेदार राजकुमार हुड्डा ने बताया कि आरोपी मोहित को पांच दिन पहले ही नौकरी से निकाल दिया गया था। वह पहले वार्ड-26 में कार्यरत था, जहां उसके खिलाफ कई शिकायतें मिली थीं। बाद में उसे वार्ड-17 में लगाया गया लेकिन वहां भी शिकायतों के चलते उसे हटा दिया गया।
बताया जा रहा है कि नौकरी के सिलसिले में ही मोहित कल शाम सुरेंद्र गर्ग के कार्यालय पहुंचा था, जहां दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि कुछ देर बाद मोहित 10-12 लोगों के साथ दोबारा ऑफिस पहुंचा और सभी के पास अवैध हथियार एवं चाकू थे।
हमलावरों ने कार्यालय में घुसते ही मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान प्रिंस नामक युवक ने कांच का गिलास तोड़कर सुरेंद्र गर्ग की आंख में घोंप दिया। वारदात के बाद सभी आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
इस मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित