चंडीगढ़ , अगस्त 06 -- हरियाणा मे संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में वाराणसी से निकाली गई गुरु रविदास कलश वंदन यात्रा का पानीपत जिले के इसराना क्षेत्र में भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि गुरु रविदास जी की शिक्षाएं सामाजिक सद्भाव, समानता और समावेशी, विकसित भारत के निर्माण की प्रेरणा देती हैं।

मडलौदा स्थित रविदास मंदिर में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी का समानता, न्याय और मानवता का संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है और देशभर में लाखों लोगों को प्रेरित कर रहा है।

कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार संतों और समाज सुधारकों की विरासत को सम्मान देने के लिए अनेक पहल कर रही है। उन्होंने कलश वंदन यात्रा को सामाजिक सद्भाव, राष्ट्रीय एकता और गुरु रविदास जी के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान बताया।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग को सम्मान, समान अवसर और समावेशी विकास उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

इस अवसर पर विधायक देवेंद्र कादयान और कृष्ण लाल मिड्ढा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित