पंचकूला , जुलाई 27 -- हरियाणा सरकार ने पानीपत शहर की छात्राओं को बड़ी सौगात देते हुए 2026-27 शैक्षणिक सत्र से नये राजकीय महिला महाविद्यालय की शुरुआत करने का फैसला किया है। स्थायी भवन बनने का इंतजार किये बिना इसी सत्र से कॉलेज में दाखिले और पढ़ाई शुरू होगी। प्रारंभिक चरण में 240 सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा।

उच्चतर शिक्षा विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिये हैं। सरकार का उद्देश्य पानीपत और आसपास के क्षेत्रों की छात्राओं को सरकारी उच्च शिक्षा का विकल्प तुरंत उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें नये भवन के निर्माण तक इंतजार न करना पड़े।

आदेश के अनुसार कॉलेज की जिम्मेदारी फिलहाल राजकीय महाविद्यालय, पानीपत के प्राचार्य एवं जिला उच्च शिक्षा अधिकारी (डीएचईओ) को अतिरिक्त प्रभार के रूप में सौंपी गयी है। उन्हें नये कॉलेज में शैक्षणिक गतिविधियां शुरू कराने और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये हैं।

नये कॉलेज में पहले चरण में कला संकाय की 160 सीटें तथा वाणिज्य (कॉमर्स) संकाय की 80 सीटें उपलब्ध होंगी। कला संकाय में अंग्रेजी, हिंदी, राजनीति विज्ञान, इतिहास, भूगोल, अर्थशास्त्र, कंप्यूटर साइंस, शारीरिक शिक्षा और गणित विषयों की पढ़ाई होगी, जबकि कॉमर्स की एक यूनिट भी इसी सत्र से शुरू की जाएगी।

कॉलेज के संचालन की शुरुआती व्यवस्थाओं के लिए उच्चतर शिक्षा विभाग ने आर.के. फंड से आठ लाख रुपये मंजूर किये हैं।

स्थायी भवन बनने तक कॉलेज का संचालन जीटी रोड स्थित रेड लाइट चौक के निकट डीआईईटी भवन की पहली मंजिल से किया जाएगा। इसके लिए जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करने के निर्देश भी दिये गये हैं। नया भवन तैयार होने तक कॉलेज इसी अस्थायी परिसर से संचालित होगा।

सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि फिलहाल नये कॉलेज का संचालन राजकीय महाविद्यालय, पानीपत के मौजूदा स्टाफ से ही किया जाएगा, ताकि शैक्षणिक कार्य बिना किसी देरी के शुरू हो सके।

सरकार के इस फैसले से पानीपत में सरकारी क्षेत्र में छात्राओं के लिए उच्च शिक्षा के अवसर बढ़ेंगे। नये महिला कॉलेज के शुरू होने से स्थानीय छात्राओं को दूसरे संस्थानों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा और उन्हें अपने शहर में ही स्नातक स्तर की पढ़ाई की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित