बैतूल , अगस्त 28 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में अवैध जुआ गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सारनी पुलिस ने पाथाखेड़ा क्षेत्र में जुआ खेल रहे पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और जुआ फड़ से 10 हजार 610 रुपये नकद तथा ताश के 52 पत्ते बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार 26 अगस्त को सारनी पुलिस को सूचना मिली थी कि पाथाखेड़ा क्षेत्र में कुछ लोग ताश के पत्तों पर रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना की तस्दीक के बाद पाथाखेड़ा-सारनी पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान पांच लोग जुआ खेलते पाए गए, जिन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजय तायवाडे (41), निवासी राजेन्द्र नगर पाथाखेड़ा, सुनील नागले (45), निवासी संत रविदास कॉलोनी पाथाखेड़ा, समीर लाहोरिया (21), अभिषेक गुप्ता (20), दोनों निवासी जगजीवन नगर पाथाखेड़ा और दुर्गेश (35), निवासी संत रविदास कॉलोनी पाथाखेड़ा के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरफुसे और एसडीओपी सारनी प्रियंका करचाम के मार्गदर्शन में की गई। इसमें थाना प्रभारी निरीक्षक जयपाल इनवाती, उपनिरीक्षक एवं पाथाखेड़ा चौकी प्रभारी मनोज कुमार उईके सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे।

पुलिस अधीक्षक ने लोगों से जुआ और सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों से दूर रहने की अपील की है। उन्होंने नागरिकों से जुआ, सट्टा या अन्य अवैध गतिविधियों की सूचना निकटतम थाना-चौकी अथवा डायल-112 पर देने का आग्रह किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित