मधेपुरा , जून 01 -- बिहार की विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री सह मधेपुरा जिला की प्रभारी मंत्री शीला कुमारी ने सोमवार को अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र लाभुक तक समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी ढंग से पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति (20 सूत्री) की बैठक की अध्यक्षता प्रभारी मंत्री शीला कुमारी ने की। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित विकासात्मक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के माध्यम से आम लोगों के जीवन स्तर में सुधार लाना है। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ।

बैठक में विभागवार उपलब्धियों, चुनौतियों तथा आगामी कार्ययोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। जनप्रतिनिधियों एवं समिति सदस्यों द्वारा उठाए गए स्थानीय मुद्दों और सुझावों पर भी विचार-विमर्श किया गया तथा संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए गए।

श्रीमती कुमारी ने कहा कि विकास कार्यों में गति लाने के लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को जनहित से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन करने तथा योजनाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में सांसद दिलेश्वर कामैत, बिहार विधानसभा के उपाध्यक्ष सह आलमनगर विधायक नरेन्द्र नारायण यादव, विधायक प्रोफेसर चन्द्रशेखर यादव, सिंहेश्वर विधायक रमेश ऋषि, जिला पदाधिकारी अभिषेक रंजन, पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह, उप विकास आयुक्त अनिल बसाक सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं समिति सदस्य उपस्थित थे।

बैठक के अंत में प्रभारी मंत्री ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने, जनसमस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने तथा सुशासन एवं जनसेवा की भावना के अनुरूप कार्य करने के निर्देशदिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित