हरिद्वार , अगस्त 27 -- उत्तराखंड में गढ़वाल मंडल के आयुक्त आनंद स्वरूप ने गुरुवार को खानपुर विधानसभा क्षेत्र के चार मतदेय स्थलों का निरीक्षण कर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों और बीएलओ को निर्देश दिए कि पुनरीक्षण के दौरान पात्र मतदाताओं के नाम किसी भी दशा में मतदाता सूची से न हटें और अपात्र व्यक्तियों के नाम किसी भी स्थिति में सूची में शामिल न किए जाएं।
आयुक्त ने मतदेय स्थल संख्या 36 राजकीय प्राथमिक विद्यालय भारूवाला, 71 राजकीय प्राथमिक विद्यालय शेखपुरी, 114 राजकीय प्राथमिक विद्यालय जबरदस्तपुर और 172 राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय ढंडेरा का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने एईआरओ और बीएलओ से पुनरीक्षण कार्य की प्रगति की जानकारी ली और मतदाता सूची को पूर्णतः त्रुटिरहित बनाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि मतदाता के नाम, पते में त्रुटि, मृत्यु अथवा स्थान परिवर्तन से संबंधित मामलों की गंभीरता से जांच की जाए। ऐसे मामलों में संबंधित राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त बीएलए-2 का सहयोग लेते हुए मतदाता की पहचान और वास्तविक स्थिति का सत्यापन कराया जाए ताकि किसी पात्र मतदाता का नाम सूची से पृथक न हो और अपात्र व्यक्ति का नाम दर्ज न हो सके।
आयुक्त आनंद स्वरूप ने बीएलओ को क्षेत्र में नियमित भ्रमण कर शेष मतदाताओं से संपर्क स्थापित करने तथा निर्धारित समयसीमा में पुनरीक्षण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शुद्ध एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने मतदाताओं से भी एसआईआर अभियान में सजगता के साथ सहयोग करने की अपील की।
आयुक्त ने सभी अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पारदर्शिता, निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ पुनरीक्षण कार्य संपन्न कराने को कहा। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी लक्सर अनिल शुक्ला, नगर आयुक्त रुड़की गोपाल राम बिनवाल, तहसीलदार रुड़की विकास अवस्थी, तहसीलदार दीवान सिंह राणा सहित संबंधित एईआरओ, बीएलओ और अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित