नयी दिल्ली , मार्च 05 -- जल शक्ति मंत्री सी. आर. पाटिल ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के साथ जल संचय जन भागीदारी को लेकर गुरुवार को व्यापक समीक्षा बैठक की।
जल शक्ति मंत्रालय के अंतर्गत जल संसाधन, नदी विकास एवं गंगा संरक्षण विभाग के राष्ट्रीय जल मिशन द्वारा मध्य प्रदेश सरकार के सहयोग से आयोजित इस बैठक में मध्य प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा श्रम मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल के साथ ही राज्य के सभी जिला कलेक्टर और संभागीय आयुक्त मौजूद रहे।
श्री यादव ने बैठक में जल संरक्षण के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए आश्वासन दिया कि मध्य प्रदेश जल संसाधनों के संरक्षण के राष्ट्रीय प्रयासों में अग्रणी बना रहेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार निरंतर जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है और 'जल गंगा संवर्धन अभियान' जैसे प्रयासों के माध्यम से जल संरक्षण, नदी पुनर्जीवन, स्रोत स्थिरता तथा मध्य प्रदेश से निकलने वाली या राज्य से होकर गुजरने वाली नदियों की स्वच्छता के लिए जनभागीदारी को सशक्त बनाया जा रहा है।
बैठक में जल संसाधन, नदी विकास एवं गंगा संरक्षण विभाग के सचिव वी. एल. कंथा राव, राष्ट्रीय जल मिशन की अतिरिक्त सचिव एवं प्रबंध निदेशक अर्चना वर्मा, मध्य प्रदेश शासन के जल संसाधन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. राजेश कुमार राजौरा, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव दीपाली रस्तोगी, नगरीय विकास एवं आवास विभाग के संजय दुबे तथा लोक स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के प्रमुख सचिव पी. नरहरि सहित राज्य और केंद्र सरकार के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित