श्रीगंगानगर , अप्रैल 28 -- राजस्थान में पुलिस के अतिरिक्त महानिदेशक (एटीएस/एजीटीएफ/एएनटीएफ) दिनेश एम.एन. मंगलवार को हनुमानगढ़ जिले के वार्षिक निरीक्षण पर पहुंचे।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने भादरा में पकड़े गए फर्जी आधार कार्ड सेंटर मामले में एक नया खुलासा किया। श्री दिनेश एम.एन. ने बताया कि पाकिस्तान से संबंधित व्यक्ति शहजाद जयपुर पहुंचकर फर्जी आधार कार्ड बनवा रहा था। जम्मू-कश्मीर पुलिस से गुप्त सूचना मिलने पर राजस्थान की आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) सक्रिय हुआ और फर्जी आधार कार्डों की जांच के दौरान भादरा शहर का यह फर्जी केंद्र सामने आया।
उन्होंने बताया कि इस सेंटर से हरियाणा निवासी एक युवक का पासपोर्ट भी बनवाया गया था। गत 17 अप्रैल को एटीएस और भादरा पुलिस के संयुक्त दल ने इस फर्जी आधार सेंटर को पकड़ा था। सेंटर संचालक कुलदीप शर्मा सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया गया। भादरा में सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग के तीन कर्मचारियों को भी इस मामले में कल गिरफ्तार किया गया। श्री दिनेश एम एन ने जिले में स्लीपर सेल की जांच पर भी जोर दिया।
इससे पहले श्री दिनेश एम.एन. दोपहर पुलिस थाना पल्लू पहुंचे जहां उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने नशे के विरुद्ध सख्त नकेल कसने, नशा तस्करों पर प्रभावी कार्रवाई,कुख्यात बदमाश सरगनाओं और उनके समर्थकों को चिन्हित करने और अपराध नियंत्रण के लिए आधुनिक तकनीकी संसाधनों का अधिक से अधिक उपयोग करने के सख्त निर्देश दिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित