अमृतसर , अक्टूबर 27 -- भारत स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारों की यात्रा पर आए पाकिस्तान के 49 सिख श्रद्धालुओं के जत्थे ने मंगलवार को सचखंड श्री हरिमंदिर साहिब में माथा टेककर गुरु साहिब के प्रति श्रद्धा व्यक्त की और गुरु घर में आध्यात्मिक शांति और सरबत के भले के लिए अरदास की।

इस दौरान जत्थे के सदस्यों ने शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी से मुलाकात की। एसजीपीसी की ओर से पाकिस्तान से आए श्रद्धालुओं का सम्मान भी किया गया।

एडवोकेट धामी ने कहा कि हर साल चार जत्थे पाकिस्तान स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारों के दर्शन के लिए जाते हैं। इसी तरह वहां रहने वाले सिखों की भी इच्छा रहती है कि वे भारत में स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारों के दर्शन कर सकें। उन्होंने बताया कि पाकिस्तानी सिख पहली बार जत्थे के रूप में भारत आये हैं।

एसजीपीसी अध्यक्ष ने भारत और पाकिस्तान की सरकारों से अपील की कि दोनों देशों के सिख श्रद्धालुओं को उदारता से वीजा दिया जाये, ताकि वे अपनी धार्मिक आस्था के अनुसार ऐतिहासिक गुरुद्वारों के दर्शन कर सकें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित