काबुल/इस्लामाबाद, अक्टूबर 15 -- पाकिस्तानी सेना ने पाक-अफगान सीमा पर संघर्ष के दौरान तालिबान के लगभग 20 सैनिकों को मार गिराने का दावा किया है। दोनों पक्षों ने हताहतों के बारे में परस्पर विरोधी आंकड़े दिये हैं।

पाकिस्तानी मीडिया के अनुसार सुरक्षा बलों ने बुधवार तड़के बलूचिस्तान में तालिबान के बड़े पैमाने पर हमले को असफल कर दिया, जिसमें अफगान सीमा के पास स्पिन बोल्डक क्षेत्र में उसके 15-20 सैनिक मारे गए।

इस्लामाबाद के अनुसार तालिबान सैनिकों ने सीमा पर पाकिस्तानी ठिकानों में सेंध लगाने के लिए चारों दिशाओं से हमला किया, जिसके बाद पाकिस्तानी सशस्त्र कर्मियों ने गोलीबारी शुरू कर दीपाकिस्तानी अधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र में अतिरिक्त बल भेजा गया है और स्थिति को 'नियंत्रण में, लेकिन तनावपूर्ण' बताया। स्थानीय सूत्रों ने सीमा की ओर जाने वाली प्रमुख सड़कों पर रुक-रुक कर गोलीबारी और सुरक्षा बढ़ाए जाने की सूचना दी है।

तालिबान प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने पाकिस्तानी दावों का खंडन करते हुए घोषणा की कि पाकिस्तान की ओर से गोलीबारी के बाद तालिबान लड़ाकों ने जवाबी हमलों में पाकिस्तानी सैनिकों को भारी नुकसान पहुंचाया और कई सैन्य प्रतिष्ठानों को तबाह कर दिया।

मुजाहिद ने यह आरोप लगाया कि पाकिस्तानी गोलाबारी में 12 अफगानी नागरिक मारे गए और लगभग 100 अन्य घायल हुए। दोनों पक्षों के दावों की हालांकि पुष्टि नहीं हुयी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित