इस्लामाबाद , अगस्त 18 -- पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट ने एक बेहद अहम फैसले में जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी के संस्थापक इमरान खान को अगले 48 घंटों में बेहतर इलाज के लिए इस्लामाबाद के एक अस्पताल में भेजने का आदेश दिया है।
पूर्व प्रधानमंत्री श्री खान की पार्टी ने सोशल मीडिया पर जारी एक पोस्ट में मंगलवार को यह जानकारी दी। इसमें बताया गया है कि अदालत ने श्री खान की गिरती सेहत को लेकर दायर याचिका पर यह निर्देश दिया। अदालत ने अस्पताल में विशेषज्ञों का एक मेडिकल बोर्ड गठित करने का भी निर्देश दिया है। इस बोर्ड में इमरान खान की बहन डॉ. उजमा खान और उनके निजी चिकित्सक डॉ. फैसल सुल्तान को जोड़ा जाएगा। इसके साथ ही न्यायालय ने जेल अधिकारियों को उनके परिजनों से साप्ताहिक मुलाकात सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित