श्रीगंगानगर , जुलाई 03 -- पाकिस्तान के फर्रुखाबाद में स्थित 125 वर्ष पुराने ऐतिहासिक गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा को ध्वस्त किये जाने की घटना के विरोध में राजस्थान में श्रीगंगानगर के सिख समाज ने शुक्रवार को जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने जिला कलेक्ट्रेट के समीप महाराजा गंगासिंह चौक पर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ का पुतला फूंका और पाकिस्तान सरकार के खिलाफ नारे लगाये।
गुरुद्वारा सिंह सभा प्रबंध समिति के तत्वावधान में आयोजित इस प्रदर्शन में काफी संख्या में सिख समाज के लोग शामिल हुए। दोपहर में महाराजा गंगासिंह चौक पर एकत्र होकर प्रदर्शनकारियों ने अपनी नाराजगी जतायी और पाकिस्तान सरकार पर अल्पसंख्यक सिख समुदाय के धार्मिक स्थलों की सुरक्षा में पूरी तरह विफल होने का आरोप लगाया। पुतला जलाने के बाद प्रदर्शनकारी जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां उन्होंने कलेक्टर कार्यालय के सामने पाकिस्तान सरकार के विरुद्ध जोरदार नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान सिख समाज के प्रतिनिधियों ने जिला कलेक्टर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नाम एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में पाकिस्तान के फर्रुखाबाद में गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा के ध्वस्त किये जाने की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराने, दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने साथ ही गुरुद्वारे को उसके मूल स्वरूप और गरिमा के अनुरूप पुनर्निर्माण कराये जाने की मांग की गयी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित