होशियारपुर , जुलाई 02 -- पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता विजय सांपला ने गुरुवार को पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के मंडी चुहारकाना (फारूकाबाद) में लगभग 125 वर्ष पुराने ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा साहिब को कथित रूप से ढहाये जाने की घटना की कड़ी निंदा की है।

उन्होंने इसे सिख समुदाय की आस्था, विरासत और धार्मिक स्वतंत्रता पर गंभीर हमला बताया। होशियारपुर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए श्री सांपला ने कहा कि पाकिस्तान में धार्मिक स्थलों पर हमले, अतिक्रमण और अल्पसंख्यक समुदायों के साथ भेदभाव की घटनाएं लगातार सामने आती रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वहां सिखों, हिंदुओं और अन्य अल्पसंख्यकों की सुरक्षा तथा धार्मिक स्वतंत्रता को लेकर गंभीर चिंताएं बनी हुई हैं।

उन्होंने हिंदू और सिख समुदाय की महिलाओं तथा नाबालिग लड़कियों के कथित जबरन धर्म परिवर्तन और विवाह की घटनाओं का भी उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे मामलों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी चिंता पैदा की है। यदि ऐतिहासिक और पवित्र धार्मिक स्थलों की भी सुरक्षा नहीं हो सकती, तो यह पाकिस्तान में धार्मिक स्वतंत्रता, कानून के शासन और अल्पसंख्यकों के संवैधानिक अधिकारों पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

भाजपा नेता ने पाकिस्तान सरकार से केवल आश्वासन देने के बजाय इस मामले के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की, ताकि अल्पसंख्यक समुदायों का विश्वास बहाल हो सके। उन्होंने इस मुद्दे पर केन्द्र सरकार की ओर से दिये गये कड़े कूटनीतिक जवाब का स्वागत करते हुए पाकिस्तान से मांग की कि गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा साहिब को ढहाये जाने की घटना की निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच करायी जाये, दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाये तथा गुरुद्वारे का उसके मूल ऐतिहासिक स्वरूप में पुनर्निर्माण सुनिश्चित किया जाये।

उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों की सुरक्षा और अल्पसंख्यक समुदायों के अधिकार केवल किसी एक देश का आंतरिक विषय नहीं हैं, बल्कि यह सार्वभौमिक मानवाधिकारों, धार्मिक स्वतंत्रता और साझा सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का महत्वपूर्ण प्रश्न है।

इस अवसर पर भाजपा होशियारपुर के जिला उपाध्यक्ष अश्वनी तथा पार्टी नेता अमृत धनोआ भी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित