लाहौर , जुलाई 05 -- पाकिस्तान ने वेस्टइंडीज और इंग्लैंड के आगामी दौरे के लिए 16 सदस्यीय टेस्ट टीम की घोषणा कर दी है और बाबर आजम को एक बार फिर से टीम की कमान सौंपी गई है।

चयनकर्ताओं ने शान मसूद को पाकिस्तान के टेस्ट कप्तान के पद से हटा दिया है और बाबर आजम को एक बार फिर से टेस्ट टीम की जिम्मेदारी सौंपी है। वेस्टइंडीज में होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए घोषित की गई टीम के साथ ही बाबर को कप्तान बनाये जाने की घोषणा की गई। मसूद को लगभग तीन साल पहले टेस्ट टीम कप्तान बनाया गया था। उनके कार्यकाल में 16 टेस्ट में टीम को 12 बार हार का सामना करना पड़ा। टेस्ट इतिहास में किसी भी कप्तान ने 16 में से 12 टेस्ट नहीं गंवाए हैं। उन्हें पिछले सात टेस्ट में हार मिली है जो पाकिस्तान के इतिहास में संयुक्त रूप से सर्वाधिक है। पाकिस्तान के हाई-परफॉर्मेंस डॉयरेक्टर आकिब जावेद ने कहा कि लगातार एक ही तरह से मैच हारने के कारण बदलाव का ये निर्णय लिया गया है।

बल्लेबाजी में अच्छा प्रदर्शन करने के कारण मसूद ने टीम में अपनी जगह बचाए रखी है। कप्तान के तौर पर उनका औसत 34.06 पहुंचा जो पहले 28.51 का था। उन्होंने दो शतक लगाए जिसमें से एक दक्षिण अफ्रीका में आया। इसके अलावा उन्होंने सात अर्धशतक भी बनाये। पाकिस्तान के कप्तान के रूप में बाबर का पहला कार्यकाल सफल रहा था जहां उन्होंने 20 में से 10 टेस्ट जीते थे और इसकी शुरुआत दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 2-0 की घरेलू सीरीज के साथ हुई थी। बंगलादेश और श्रीलंका को उनके घर में क्लीन स्वीप भी किया गया था। कप्तान के रूप में बाबर का टेस्ट में औसत 50 से अधिक का था। हालांकि, इंग्लैंड के खिलाफ घर में 3-0 की क्लीन स्वीप के बाद मामला काफी बिगड़ गया था।

बाबर का नया कार्यकाल बेहद व्यस्त समय में शुरू हो रहा है। वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज के तुरंत बाद इंग्लैंड में तीन मैचों की सीरीज होगी। इसके बाद सर्दियों में न्यूजीलैंड और श्रीलंका के साथ घरेलू सीरीज होनी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित