बरेली , मई 04 -- बरेली जिले में कैंट थाना क्षेत्र के सदर बाजार में पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाने के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए 14 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इनमें से 10 लोगों को हिरासत में लिया गया है, जबकि चार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि रविवार दोपहर कुछ युवक क्रिकेट खेलने के बाद बाइक से सदर बाजार क्षेत्र में घूम रहे थे। इसी दौरान पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाए गए, जिससे स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच में 14 लोगों के नाम सामने आए हैं, जिनमें कुछ बालिग और कुछ नाबालिग बताए जा रहे हैं। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि क्षेत्र के ही एक व्यक्ति ने युवकों को पहले खाना खिलाया था, जिसके बाद नारेबाजी की योजना बनी। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित