श्रीनगर , अप्रैल 10 -- नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने शुक्रवार को कहा कि उन्हें उम्मीद है कि पश्चिम एशिया में इस युद्धविराम से स्थायी शांति का मार्ग प्रशस्त होगा। इसके साथ ही उन्होंने पाकिस्तान के नेतृत्व को नोबेल शांति पुरस्कार देने की मांगों पर कटाक्ष किया।
श्री अब्दुल्ला ने श्रीनगर में संवाददाताओं से कहा, "ईश्वर का शुक्र है कि युद्ध रुक गया है। मुझे उम्मीद है कि भविष्य में भी यह रुका रहेगा, दुनिया में शांति बनी रहेगी और हम सभी को इसका लाभ मिलेगा।"जब श्री अब्दुल्ला से पाकिस्तान के कुछ हलकों से की जा रही उन मांगों के बारे में पूछा गया, जिसमें ईरान और अमेरिका के बीच मध्यस्थता की भूमिका निभाने और दो सप्ताह के संघर्ष विराम का मार्ग प्रशस्त करने के लिए शहबाज शरीफ को नोबेल शांति पुरस्कार देने की बात कही गई है, तो उन्होंने ऐसी मांगों को 'दुर्भाग्यपूर्ण' करार दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित