काबुल , सितंबर 24 -- अफगानिस्तान ने अपने क्षेत्र में पाकिस्तान के हवाई और ड्रोन हमलों की निंदा करते हुए गुरुवार को "गंभीर परिणाम" की चेतावनी दी।
अफगान सरकार के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने कहा कि ताजा हमलों में चार अफगान नागरिक मारे गए हैं। श्री मुजाहिद ने कहा कि पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने रात अफगानिस्तान के दक्षिणी कंधार प्रांत और पूर्वी पक्तिया तथा खोस्त प्रांतों में हवाई हमले किए।
उन्होंने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर जारी बयान में कहा, "पाकिस्तानी सैन्य शासन ने एक बार फिर कंधार, पक्तिया और खोस्त प्रांतों में घुसकर हमले और हवाई बमबारी की।" उन्होंने चार अफगानों की मौत की जानकारी देते हुए हमलों को आक्रामक कार्रवाई करार दिया और कहा कि अफगानिस्तान पाकिस्तान के बार-बार किए जा रहे हमलों का "उचित जवाब" देगा।
श्री मुजाहिद ने कहा, "इस तरह की लापरवाह, अविवेकपूर्ण और शत्रुतापूर्ण कार्रवाइयां निश्चित रूप से अफगान जनता के गुस्से को भड़काएंगी और पाकिस्तानी सैन्यकर्मियों के लिए गंभीर परिणाम पैदा करेंगी।" इससे पहले पाकिस्तान ने कहा था कि उसने अफगानिस्तान में 10 स्थानों पर सटीक हवाई और ड्रोन हमले किए। पाकिस्तानी सूचना मंत्री अताउल्लाह तारड़ ने कहा कि इन स्थानों का इस्तेमाल कथित तौर पर ड्रोन लॉन्च करने और उन्हें रखने के लिए किया जाता था।
श्री तारड़ ने 'एक्स' पर जारी बयान में कहा, "अपने आत्मरक्षा के संप्रभु अधिकार का इस्तेमाल करते हुए पाकिस्तान ने अफगानिस्तान में 10 स्थानों पर सटीक हवाई और ड्रोन हमले किए, जिनका इस्तेमाल ड्रोनों को लॉन्च करने और रखने के लिए किया जा रहा था।"उन्होंने कहा कि हमले केवल उन सैन्य ठिकानों तक सीमित थे जो पाकिस्तान के क्षेत्र पर कथित ड्रोन हमलों से सीधे जुड़े थे। उन्होंने दावा किया कि पाकिस्तानी वायु रक्षा प्रणालियों ने सभी ड्रोन को उनके निर्धारित लक्ष्यों तक पहुंचने से पहले ही पहचानकर नष्ट कर दिया।
एक पाकिस्तानी समाचार पत्र द्वारा सुरक्षा सूत्रों के हवाले से दी गई जानकारी के अनुसार, अफगानिस्तान से उड़ाए गए आठ ड्रोन बुधवार को तोर्खम सीमा चौकी और कोहाट के पास पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र में दाखिल हुए थे, जिन्हें बाद में मार गिराया गया।
श्री मुजाहिद ने पाकिस्तान के हमलों के औचित्य को खारिज करते हुए कहा कि पाकिस्तान में ड्रोन के प्रवेश का दावा अफगान क्षेत्र पर हमलों को उचित ठहराने के लिए किया जा रहा है।
ताजा घटनाक्रम इस सप्ताह की शुरुआत में अफगानिस्तान में हुए पाकिस्तानी हवाई हमलों के बाद सामने आया है। श्री मुजाहिद ने सोमवार को कहा था कि कुनार प्रांत में हुए हमलों में तीन नागरिक मारे गए और चार घायल हुए, जबकि पक्तिका प्रांत में एक मकान और एक दुकान को नुकसान पहुंचा।
पाकिस्तानी अधिकारियों ने कहा कि अफगानिस्तान की ओर से उत्पन्न सुरक्षा खतरों के जवाब में सैन्य कार्रवाइयों को अंजाम दिया गया है। टोलो न्यूज ने स्थानीय सूत्रों के हवाले से बताया कि सोमवार को पाकिस्तानी लड़ाकू विमानों ने पक्तिका और कुनार के कई इलाकों को निशाना बनाया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित