इस्लामाबाद , फरवरी 27 -- पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कहा है कि देश के सशस्त्र बलों में किसी भी आक्रामक महत्वाकांक्षा को कुचलने की पूरी क्षमता है और किसी भी प्रकार के हमले का निर्णायक जवाब दिया जाएगा।
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री कार्यालय द्वारा जारी एक बयान में यह जानकारी दी गयी। बयान में कहा गया है , "पाकिस्तान की जनता और सशस्त्र बल देश की सुरक्षा, संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा के लिए हमेशा तत्पर हैं।"श्री शरीफ ने आगे कहा कि पाकिस्तान के सशस्त्र बल पेशेवर विशेषज्ञता, उन्नत प्रशिक्षण और एक प्रभावी रक्षा रणनीति से लैस हैं और किसी भी आंतरिक या बाहरी चुनौती का सामना करने में पूरी तरह सक्षम हैं।
बयान में कहा गया है "पाकिस्तान ने हमेशा शांति का समर्थन किया है। हालांकि, वह अपनी क्षेत्रीय अखंडता को किसी भी प्रकार का नुकसान नहीं होने देगा और पूरा देश पाकिस्तानी सशस्त्र बलों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है।
इससे पहले सुबह, सुरक्षा सूत्रों ने 'शिन्हुआ' को बताया कि पाकिस्तान ने अफ़गान तालिबान के ठिकानों पर हवाई हमले किए, जिनमें अफ़गानिस्तान के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित एक प्रमुख गोला-बारूद डिपो, तीन अफ़गान बटालियन और एक सेक्टर मुख्यालय सहित कई महत्वपूर्ण लक्ष्य नष्ट हो गए।
सूत्रों के अनुसार पाकिस्तान ने ये हवाई हमले ऑपरेशन गजब-लिल-हक (इंसाफ के लिये गुस्सा) के तहत किए, जिसे अफ़गान तालिबान द्वारा पाकिस्तानी चौकियों पर हमले शुरू करने के बाद शुरू किया गया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित