इस्लामाबाद/हेरात , मार्च 2 -- अफगानिस्तान के हेरात प्रांत के आसमान में रविवार रात को पाकिस्तानी लड़ाकू विमानों को उड़ते देखे जाने की रिपोर्टें हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ये लड़ाकू विमान तालिबान के ठिकानों की निगरानी कर रहे थे।

अफगान इंटरनेशनल में प्रकाशित एक समाचार के अनुसार तालिबान के एक अधिकारी ने पक्तिका प्रांत के बरमल जिले में अंगूर अड्डा सीमा चौकी पर पाकिस्तानी ठिकानों पर हमले की जानकारी दी है।

तालिबान सरकार के सूचना एवं संस्कृति मंत्रालय के प्रमुख अहमदुल्ला मुत्ताकी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया है, जिसमें तालिबान लड़ाके पाकिस्तानी चौकियों पर हमले करते दिख रहे हैं। इस वीडियो में रात के समय भारी हथियारों का इस्तेमाल होते देखा जा सकता है।

हेरात के स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके के आसमान में ड्रोन उड़ते देखे गए और कई मिनटों तक गोलीबारी की आवाजें भी सुनाई दीं। इसके अलावा, खबरों के मुताबिक पाकिस्तानी लड़ाकू विमानों और ड्रोनों ने काबुल, तालिबान के सैन्य केंद्रों और बगराम हवाई अड्डे सहित कई जगहों को निशाना बनाया है। दूसरी ओर, तालिबान लड़ाकों ने डूरंड रेखा पार करके खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान में पाकिस्तानी जांच चौकियों पर सफल हमले किए हैं।

इस्लाम कला सीमा के पास के एक सूत्र ने बताया कि विमानों की हलचल के बाद कम से कम दो धमाकों की आवाजें सुनी गईं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित