चेन्नई , अक्टूबर 4 -- नौसेना के 31 वर्षीय एक नाविक को विशाखापट्टनम नौसैनिक अड्डे से जुड़े संवेदनशील और महत्वपूर्ण रक्षा व समुद्री डेटा को एक पाकिस्तानी महिला खुफिया एजेंट को सौंपने के आरोप में शनिवार शाम गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपी नाविक की पहचान पश्चिम बंगाल निवासी प्रदीप मुखर्जी के रूप में हुई है। वह कुछ महीने पहले सोशल मीडिया पर संपर्क में आई एक महिला पाकिस्तानी खुफिया एजेंट के हनीट्रैप का शिकार हो गया था। महिला एजेंट ने उससे संपर्क बनाए रखा और विशाखापट्टनम बेस की रणनीतिक नौसैनिक परिसंपत्तियों, बेड़े की आवाजाही और परिचालन ढांचे के बारे में गोपनीय डेटा हासिल कर लिया।
आंध्र प्रदेश पुलिस के काउंटर इंटेलिजेंस विंग ने नाविक को कोयंबटूर स्थित आईएनएस अग्राणी से गिरफ्तार किया। वह यहां पर महज एक सप्ताह पहले एक प्रबंधन विकास पाठ्यक्रम में भाग लेने आया था। वर्ष 2014 में नौसेना में नाविक के रूप में भर्ती हुआ प्रदीप विशाखापट्टनम में पूर्वी नौसेना कमान (ईस्टर्न नेवल कमांड) के तहत तैनात था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित