बैतूल , जुलाई 6 -- मध्यप्रदेश में बैतूल शहर के कॉलेज चौक पर मुख्य पेयजल पाइपलाइन की मरम्मत में हो रही देरी और इससे नागरिकों को हो रही परेशानी के बीच नगर पालिका ने कहा है कि कार्य में विलंब स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
नगर पालिका द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, कॉलेज चौक स्थित मुख्य पेयजल पाइपलाइन में पिछले लगभग दो माह से रिसाव की समस्या बनी हुई थी। भीषण गर्मी और पेयजल की अधिक मांग को देखते हुए तत्काल खुदाई कर मरम्मत नहीं की गई, क्योंकि इससे शहर के बड़े हिस्से में कई दिनों तक जलापूर्ति पूरी तरह बाधित होने की आशंका थी।
नगर पालिका ने बताया कि 27 जून से स्थायी मरम्मत का कार्य शुरू किया गया। खुदाई के दौरान तीन स्थानों पर रिसाव मिला, जिनकी 28 जून को तकनीकी मानकों के अनुसार मरम्मत की गई। इसके बाद मरम्मत की गुणवत्ता और मजबूती सुनिश्चित करने के लिए पाइपलाइन को तीन दिन तक परीक्षण के लिए रखा गया।
नगर पालिका के अनुसार, दो जुलाई को निरीक्षण के दौरान तीन में से दो स्थानों पर रिसाव पूरी तरह बंद मिला, लेकिन टी-जॉइंट के एक हिस्से में सूक्ष्म रिसाव पाया गया। जांच में यह भी सामने आया कि संबंधित पाइपलाइन जिग-जैग स्वरूप में बिछी है तथा 235 हॉर्सपावर क्षमता की मोटर के उच्च दबाव से इसी लाइन के माध्यम से शहर की आठ पानी की टंकियों तक जलापूर्ति की जाती है। इसके कारण संबंधित जॉइंट पर सामान्य से अधिक दबाव रहता है।
नगर पालिका ने बताया कि टी-जॉइंट की दोबारा मरम्मत छह जुलाई को प्रस्तावित की गई है। अधिकारियों के अनुसार, पहले जलापूर्ति को सामान्य करना आवश्यक था। इसके बाद मरम्मत कर पाइपलाइन को पुनः लगभग तीन दिन परीक्षण में रखा जाएगा। परीक्षण संतोषजनक रहने और किसी प्रकार का रिसाव नहीं मिलने पर ही गड्ढे की भराई और सीसी कार्य पूरा किया जाएगा।
नगर पालिका ने नागरिकों से अपील की है कि इस अस्थायी असुविधा को भविष्य में निर्बाध एवं सुरक्षित पेयजल व्यवस्था के लिए आवश्यक कदम के रूप में समझते हुए सहयोग करें। उधर, स्थानीय नागरिकों ने मरम्मत कार्य में हो रही देरी पर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि कॉलेज चौक पर बार-बार पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने और लंबे समय तक मरम्मत कार्य चलने से यातायात तथा दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। वहीं नगर पालिका का दावा है कि स्थायी समाधान के साथ शीघ्र समस्या का निराकरण कर दिया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित