पांढुर्णा , अक्टूबर 17 -- मध्यप्रदेश के पांढुर्ण जिले में सूखे की स्थिति और किसानों की समस्याओं को लेकर शनिवार को कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। पूर्व सांसद नकुलनाथ के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं और किसानों ने संत जगनाडे चौक से पैदल मार्च और बैलगाड़ी यात्रा निकाली। प्रदर्शनकारी कलेक्टर कार्यालय पहुंचे, जहां नकुलनाथ ने कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम ज्ञापन सौंपा। इसमें पांढुर्णा जिले को सूखाग्रस्त घोषित करने और प्रदेश में किसानों की कर्जमाफी योजना लागू करने की मांग की गई।
प्रदर्शन के दौरान नकुलनाथ ने भाजपा सरकार की किसान नीतियों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में कमलनाथ के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार बनने के बाद किसानों की कर्जमाफी के प्रस्ताव पर हस्ताक्षर किए गए थे। उनके मुताबिक, यह किसानों को कर्ज से राहत देने की दिशा में उठाया गया कदम था।
श्री नकुलनाथ ने महाराष्ट्र में सूखे की स्थिति और वहां सूखाग्रस्त घोषित किए जाने का हवाला देते हुए सवाल उठाया कि जब दूसरे राज्यों में किसानों की स्थिति को देखते हुए कदम उठाए जा रहे हैं, तो पांढुर्णा जिले को सूखाग्रस्त घोषित करने में देरी क्यों हो रही है। उन्होंने राज्य सरकार से इस मामले में निर्णय लेने की मांग की।
श्री नकुलनाथ ने कहा कि पांढुर्णा जिले के किसान मौसम की मार और फसलों पर पड़ रहे प्रतिकूल प्रभाव से परेशान हैं। ऐसे हालात में किसानों को राहत देने के लिए सरकार को उनकी स्थिति का आकलन कर ठोस कदम उठाने चाहिए।
उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से पांढुर्णा जिले को सूखाग्रस्त घोषित करने के साथ प्रदेश में किसानों के लिए कर्जमाफी योजना लागू करने की मांग की। कांग्रेस ने ज्ञापन के माध्यम से सरकार से किसानों की समस्याओं पर गंभीरता से विचार कर राहत देने की अपील की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित