भोपाल , मार्च 26 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार "सच्चा वादा और पक्का काम" के ध्येय के साथ संकल्प से सिद्धि की ओर बढ़ रही है। उन्होंने पांढुर्णा जिले के जामसांवली मंदिर में श्री हनुमान लोक के प्रथम चरण का लोकार्पण करते हुए 362 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 111 करोड़ 63 लाख रुपए के 31 कार्यों का लोकार्पण और 251 करोड़ 18 लाख रुपए के 33 कार्यों का भूमि-पूजन किया। उन्होंने स्व-सहायता समूह की महिलाओं को ऋण स्वीकृति पत्र और किसानों को पट्टे वितरित किए तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों को सम्मानित भी किया।

उन्होंने कहा कि श्री हनुमान लोक का निर्माण प्रदेश में रामराज्य की स्थापना के प्रति सरकार की आस्था का प्रतीक है। साथ ही जामसांवली में दूसरे चरण के विकास कार्यों की घोषणा करते हुए श्रद्धालुओं के लिए अस्पताल निर्माण की भी बात कही।

मुख्यमंत्री ने नवगठित पांढुर्णा जिले को कलेक्टर कार्यालय, पुलिस अधीक्षक कार्यालय, जिला पंचायत और जनपद पंचायत भवन की सौगात दी। इसके साथ ही जिले में इंडोर-आउटडोर स्टेडियम, महिला थाना और विभिन्न नगरीय विकास कार्यों की घोषणाएं भी कीं।

उन्होंने कन्हान नदी पर बने पुल, सड़कों, नल-जल योजनाओं और शैक्षणिक संस्थानों के विकास कार्यों का लोकार्पण किया, वहीं संयुक्त जिला कार्यालय भवन, जिला चिकित्सालय, पुलिस अधीक्षक कार्यालय और रेलवे ओवरब्रिज सहित कई परियोजनाओं का भूमि-पूजन भी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान कल्याण वर्ष के तहत किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध कराई जाएगी और उन्हें पशुपालन, दुग्ध उत्पादन एवं प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। साथ ही युवाओं को रोजगार देने के लिए बड़े पैमाने पर भर्तियां की जा रही हैं। कार्यक्रम में ऊर्जा मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर, संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र भावसिंह लोधी सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित