पटना , मई 11 -- जन सुराज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने सोमवार को कहा कि दिल्ली में हुए पांडव कुमार हत्याकांड की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर पीड़ित परिवार को तत्काल सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जानी चाहिए।
श्री भारती ने आज यहां जन सुराज पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मलेन में कहा कि पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात कर पांडव कुमार हत्याकांड सहित विभिन्न जनहित के मुद्दों को उठाएगा। उन्होंने कहा कि हाल ही में दिल्ली में जिस तरह पांडव कुमार की हत्या हुई है, उससे देश और विदेश में रह रहे बिहारवासियों के बीच गहरा आक्रोश और चिंता का माहौल है।उन्होंने कहा कि इतने संवेदनशील मामले के बावजूद अब तक बिहार सरकार की ओर से पीड़ित परिवार को किसी प्रकार की सहायता उपलब्ध नहीं कराई गई है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को बिहार से बाहर काम करने वाले नागरिकों एवं उनके परिवारों की सहायता के लिए स्पष्ट और प्रभावी नीति बनानी चाहिए।
श्री भारती ने बताया कि जन सुराज पार्टी इस मामले को लेकर सरकार के समक्ष पांच मांगें रखेगी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग करेगी।
इस अवसर पर पूर्व विधायक किशोर कुमार ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जन सुराज पार्टी का सात सदस्यीय उच्चस्तरीय शिष्टमंडल मुख्यमंत्री से मुलाकात कर उन्हें पूरी स्थिति से अवगत कराएगा तथा शीघ्र कार्रवाई की मांग करेगा।
इस अवसर पर प्रदेश प्रवक्ता विवेक कुमार, सोनाली आनंद, राकेश पटेल एवं जेपी सिंह सहित अन्य नेता उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित