कोलकाता , मार्च 26 -- पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को आश्वासन दिया कि जिन मतदाताओं के नाम निर्णय के बाद पूरक सूची से हटा दिये गये हैं उन्हें न्यायाधिकरण के समक्ष अपना पक्ष रखने के लिये पार्टी कानूनी सहायता प्रदान करेगी।

सुश्री बनर्जी ने पूर्व बर्द्धमान जिले के पांडवेश्वर में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा, "मैं अपने आयोजकों से कहूंगी कि वे उन लोगों तक पहुंचें जिनके नाम हटा दिये गये हैं और उनके आवेदन एकत्र करें। हम सुनिश्चित करेंगे कि इन्हें न्यायाधिकरण में जमा किया जाए। मुफ्त कानूनी सहायता प्रदान की जायेगी और वकील उनके मामले लड़ेंगे।"सुश्री बनर्जी ने भाजपा और चुनाव आयोग दोनों पर तीखा हमला करते हुए मतदाता सूचियों में हेरफेर का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा, "भाजपा समर्थकों के नाम 'तार्किक विसंगति' के बहाने डाले जा रहे हैं। तृणमूल के कब्जे वाली सीटों को चुनिंदा रूप से निशाना बनाया जा रहा है।"मुख्यमंत्री ने चुनाव आयोग को सीधे संबोधित करते हुए तत्काल पारदर्शिता की मांग की। सुश्री बनर्जी ने कहा, "बाकी मतदाता सूचियां तुरंत प्रकाशित करें। सूचियां पहले जारी की गयी हैं। उन्हें हर जगह प्रदर्शित क्यों नहीं किया गया है? आयोग को जवाब देना होगा।"तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार नरेंद्र नाथ चक्रवर्ती के समर्थन में आयोजित इस रैली में हजारों समर्थक शामिल हुए, जो चिलचिलाती धूप और भीषण गर्मी की परवाह किये बिना मुख्यमंत्री को सुनने के लिए लाउदोहा मैदान में एकत्र हुए थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित