धार , मार्च 13 -- मध्यप्रदेश के धार जिले में इंदौर लोकायुक्त की टीम ने ट्रैप कार्रवाई करते हुए एक महिला पटवारी को पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपी पटवारी जमीन का पट्टा अपने नाम कराने की प्रक्रिया को जल्दी पूरा कराने के एवज में आवेदक से रिश्वत मांग रही थी।

लोकायुक्त पुलिस के अनुसार आवेदक लक्ष्मण कुमावत (53) निवासी ग्राम कुमारियाखेड़ी, ग्राम पंचायत भानगढ़ ने लोकायुक्त कार्यालय इंदौर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि उसने जिस जमीन पर मकान बनाया है तथा मकान के पीछे की जमीन पर उसका कब्जा है, उस जमीन का पट्टा उसके नाम किया जाना था।

आवेदक का आरोप था कि इस प्रक्रिया को जल्दी करवाने के लिए हल्का पटवारी भारती राजपूत द्वारा उससे एक लाख रुपये की रिश्वत मांगी गई थी। शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त पुलिस ने मामले का सत्यापन कराया, जिसमें शिकायत सही पाई गई।

इसके बाद लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक राजेश सहाय के निर्देशन में ट्रैप दल का गठन किया गया। योजना के अनुसार आवेदक को आरोपी पटवारी को रिश्वत की पहली किस्त देने के लिए भेजा गया। कार्रवाई के दौरान आरोपी पटवारी भारती राजपूत को आवेदक से पांच हजार रुपये की रिश्वत की पहली किश्त लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया। लोकायुक्त की टीम ने मौके पर ही आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया।

लोकायुक्त निरीक्षक आशुतोष मिठास ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम 2018 की धारा 7 के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस ट्रैप कार्रवाई में कार्यवाहक प्रधान आरक्षक आशीष शुक्ला, आरक्षक विजय कुमार, आदित्य सिंह भदौरिया, पवन पटोरिया, मनीष माथुर, कृष्णा अहिरवार और महिला आरक्षक भारती बागोरा सहित लोकायुक्त टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित