नरसिंहपुर , जून 01 -- मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर जिले में लोकायुक्त पुलिस ने एक पटवारी को पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है।
लोकायुक्त पुलिस सूत्रों के अनुसार गोटेगांव तहसील के हल्का क्रमांक 41 मुरदई में पदस्थ पटवारी घनश्याम गढ़वाल को सोमवार दोपहर रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया। आरोपी मूल रूप से कटनी जिले के बरही स्थित पंचमुखी हनुमान कॉलोनी का निवासी है।
लोकायुक्त निरीक्षक जितेन्द्र यादव ने बताया कि शिकायतकर्ता संदीप कुमार ठाकुर की माता ममता देवी के नाम सात एकड़ भूमि का नामांतरण किया जाना था। आरोप है कि इस कार्य के लिए पटवारी ने 10 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी।
शिकायत के सत्यापन के बाद लोकायुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसके निवास पर पांच हजार रुपये की पहली किश्त लेते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया। परीक्षण के दौरान आरोपी के हाथ धुलाने पर घोल का रंग लाल हो गया, जिससे रिश्वत लेने की पुष्टि हुई। लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित