बैतूल , जून 01 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले की सारणी पुलिस ने मोबाइल चोरी और बैंक खाते से ऑनलाइन ठगी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे पांच हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देश पर फरार अपराधियों और संपत्ति संबंधी अपराधों में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी तथा एसडीओपी प्रियंका करचाम के मार्गदर्शन में सारणी थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी निक्की यादव (36) निवासी जहांगीरा, भोपाल को पाथाखेड़ा के पुराना बाजार क्षेत्र से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार 31 जुलाई 2025 को आजाद नगर पाथाखेड़ा निवासी राकेश बावरिया ने शिकायत दर्ज कराई थी कि रात में सोते समय उसका मोबाइल फोन चोरी हो गया। बाद में बैंक खाते की जांच करने पर पता चला कि उसके खाते से मोबाइल के माध्यम से 36 हजार रुपये स्थानांतरित कर लिए गए हैं।
शिकायत के आधार पर सारणी थाने में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। विवेचना के दौरान पुलिस ने अंकित बेले और विशाल बेले को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से ठगी की पूरी राशि बरामद कर ली थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित