मुरैना , मई 29 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले की देवगढ़ थाना पुलिस ने पांच वर्षों से फरार चल रहे पांच हजार रुपए के इनामी बदमाश को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी अमित सिकरवार रेत माफिया से जुड़ा हुआ है। करीब पांच वर्ष पूर्व वन विभाग की टीम ने अवैध रेत से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ा था। इसी दौरान आरोपी ने अपने साथियों के साथ वन विभाग के अमले पर हमला कर हथियारों के बल पर ट्रैक्टर-ट्रॉली छुड़ा ली थी।

वन विभाग की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दस्यु विरोधी अधिनियम सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया था। घटना के बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहा था और पुलिस को चकमा दे रहा था।

पुलिस अधीक्षक ने उसकी गिरफ्तारी पर पांच हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। पुलिस ने मुखबिर की सूचना के आधार पर आज आरोपी को ग्राम लोहरी के पुरा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित