मुजफ्फरपुर , मई 26 -- बिहार में मुजफ्फरपुर जिले के मोस्ट वांटेड अपराधी सोनू कुमार को विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने गोपालगंज जिले के सदर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, एसटीएफ की विशेष खुफिया इकाई को सूचना मिली थी कि साहेबगंज थाना क्षेत्र का वांछित अपराधी गोपालगंज में छिपकर रह रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके की घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

सूत्रों ने बताया कि सोनू कुमार का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। वह साहेबगंज थाना कांड संख्या 516/21, 18 नवंबर 2021 में नामजद मुख्य आरोपी है। उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 394 (लूट के दौरान चोट पहुंचाना), 307 (हत्या का प्रयास) और 34 (समान मंशा) के तहत गंभीर मामले दर्ज हैं।घटना के बाद से वह लगातार फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में कई वर्षों से छापेमारी कर रही थी। पुलिस ने उसके पास से एक मोबाइल फोन और एक बाइक बरामद की है। पुलिस मोबाइल की कॉल डिटेल्स और डेटा की जांच कर रही है, जिससे उसके नेटवर्क और सहयोगियों के बारे में अहम जानकारी मिलने की उम्मीद है।

सूत्रों ने बताया कि एसटीएफ ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे स्थानीय थाने को सौंप दिया है, जबकि मुजफ्फरपुर पुलिस उसे रिमांड पर लेकर मामले की गहन जांच की तैयारी कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित