गुवाहाटी , फरवरी 15 -- असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा है कि ब्रह्मपुत्र नदी के नीचे प्रस्तावित अंडरवाटर रेलवे-सह -सड़क सुरंग अगले पांच सालों में पूरी हो जाएगी।

श्री सरमा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के असम दौरे के एक दिन बाद रविवार को संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रस्तावित अंडरवाटर रेल सह सड़क सुरंग गोहौर और नुमालीगढ़ को जोड़ेगी, जिससे लगभग 240 किलोमीटर की यात्रा की दूरी घटकर सिर्फ़ 34 किमी रह जाएगी। इस सुरंग के बन जाने पर छह घंटे में तय किया जाने वाले सफर महज 20 मिनट में पूरा किया जा सकेगा। इस प्रसिद्ध अवसंरचना परियोजना के बारे में जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि यह बर्लिन (जर्मनी) और डेनमार्क को जोड़ने वाले इसी तरह के लिंक के बाद दुनिया का दूसरा ऐसा अंडरवाटर रेलवे सह सड़क पुल होगा। उन्होंने कहा कि भारत सरकार ने पहले ही इस परियोजना को मंज़ूरी दे दी है, जिसकी अनुमानित लागत लगभग 18,662 करोड़ रुपये है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि सुरंग में सड़क और रेल यातायात के लिए दो सुरंग होंगे। साथ ही एक अलग बचाव के रास्ता भी होगा। आपातकाल के दौरान सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हर 500 मीटर पर इधर से उधर जाने के रास्ते बनाए जाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित