मुरादाबाद, सितंबर 08 -- उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल ने अंतरराष्ट्रीय रेल माल परिवहन के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। रोजा माल गोदाम से करीब पांच साल के अंतराल के बाद बांग्लादेश के लिए गेहूं से लदी 42 डिब्बों वाली पहली मालगाड़ी को रवाना किया गया है। सात सितंबर को रोजा माल गोदाम की पटरी संख्या एक से बांग्लादेश के दर्शना के लिए भेजी गई इस खेप से रेलवे को 56 लाख 57 हजार 112 रुपये का मालभाड़ा प्राप्त हुआ है। मैसर्स वी.के. उद्योग लिमिटेड द्वारा लादी गई गेहूं की इस अंतरराष्ट्रीय खेप के बाद सितंबर माह में ही चार से पांच और मालगाड़ियां भेजे जाने की संभावना है, जिससे मंडल के माल राजस्व और भारत-बांग्लादेश सीमा पार व्यापार को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने मंगलवार को बताया कि यह सफलता मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक विपिन शर्मा के निर्देशन में व्यवसाय विकास इकाई (डीडीयू) के निरंतर प्रयासों से संभव हुई है। जून 2021 के बाद पहली बार रोजा माल गोदाम से बांग्लादेश के लिए रेल परिवहन सेवा पुनः बहाल हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित