बैतूल , सितंबर 10 -- मध्यप्रदेश के बैतूल में एक निजी स्कूल में पांच वर्षीय छात्रा के साथ कथित यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया है। पुलिस ने घटना के आरोप में स्कूल में सुरक्षा गार्ड के रूप में तैनात व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध पॉक्सो एक्ट, दुराचार सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। आरोपी का जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है।

पुलिस के अनुसार कोतवाली थाना क्षेत्र के एक निजी स्कूल में केजी-टू में पढ़ने वाली पांच वर्षीय छात्रा ने सात सितंबर को घर पहुंचकर अपनी मां को स्कूल के सुरक्षा गार्ड द्वारा कथित रूप से की गई आपत्तिजनक हरकत की जानकारी दी। इसके बाद परिजन आठ सितंबर को कोतवाली थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के बाद पुलिस ने बच्ची का जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया और मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी गार्ड को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद उसके विरुद्ध संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने बुधवार को आरोपी का भी जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया। मामले की जांच एसडीओपी अन्नपूर्णा सिरसाम और कोतवाली थाना प्रभारी देवकरण डेहरिया कर रहे हैं।

दोनों अधिकारियों ने बुधवार को संबंधित निजी स्कूल पहुंचकर घटना की जानकारी ली। उन्होंने स्कूल प्रबंधन और प्राचार्य से भी पूछताछ की तथा घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई।

पुलिस मामले में छात्रा के बयान सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित