देवरिया , अप्रैल 06 -- केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने सोमवार को दावा किया कि आगामी पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में भाजपा और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को भारी बढ़त मिलेगी तथा असम और पश्चिम बंगाल में राजग की सरकार बनेगी।
देवरिया में एक कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बातचीत में श्री वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा लगातार चुनावों में सफलता हासिल कर रही है और जनता का भरोसा पार्टी के साथ है। उन्होंने विपक्ष के दावों को खारिज करते हुए कहा कि विपक्षी दल सिर्फ बयानबाजी कर रहे हैं, जबकि जमीनी हकीकत राजग के पक्ष में है।
पश्चिम बंगाल को लेकर उन्होंने कहा कि वहां की जनता अब बदलाव चाहती है और ममता बनर्जी सरकार को सत्ता से हटाने का मन बना चुकी है। उन्होंने राज्य में कानून-व्यवस्था और राजनीतिक हिंसा को भी मुद्दा बताया।
श्री वर्मा ने कहा कि गृह मंत्रालय और चुनाव आयोग निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि राजग असम और पश्चिम बंगाल में सरकार बनाएगी, जबकि केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में भी बेहतर प्रदर्शन करेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित