बैतूल 07नवंबर (वार्ता) मध्य प्रदेश के बैतूल में सरकारी स्कूलों के नौनिहालों का पेट भरने वाली रसोईया बहनों और मध्यान्ह भोजन संचालित करने वाले समूहों के परिवारों पर इस बार आर्थिक संकट गहराया रहा। पिछले पांच महीनों से मानदेय का भुगतान न होने के कारण इन परिवारों की दीपावली बेहद तंगी में बीती, जहां बच्चों के लिए नए कपड़े और मिठाइयां खरीदना तो दूर, दो वक्त की बुनियादी जरूरतें पूरी करना भी मुश्किल हो गया था।

अटल सेना के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह केंडू बाबा ने बताया कि मध्यान्ह भोजन योजना के तहत ये रसोईया बहनें न केवल बच्चों के लिए पौष्टिक भोजन तैयार करती हैं, बल्कि स्कूल परिसरों की सफाई, कमरों की स्वच्छता, बाग-बगीचों की देखभाल और स्कूलों में आने वाले अतिथियों व जनप्रतिनिधियों के लिए चाय-नाश्ते की व्यवस्था जैसी अतिरिक्त जिम्मेदारियां भी पूरी निष्ठा से निभाती हैं। इसके बावजूद इन्हें मात्र चार हजार रुपये का मामूली मानदेय मिलता है, वह भी समय पर नहीं मिल पाता।

पीड़ित महिलाओं और समूहों का कहना है कि जुलाई से नवंबर तक के इस पांच महीने के अंतराल में केवल एक बार ही भुगतान किया गया है। वे अपनी इस गंभीर समस्या को लेकर जिला कलेक्टर कार्यालय के माध्यम से देश के प्रधानमंत्री और प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम कई बार ज्ञापन सौंप चुकी हैं, लेकिन प्रशासनिक सुस्ती के कारण स्थिति जस की तस बनी हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित