अलवर , अगस्त 22 -- राजस्थान में अलवर जिले के रैणी उपखंड में डगडगा गांव स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में गणित और विज्ञान विषय के शिक्षकों की कमी को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पिछले करीब पांच महीने से दोनों महत्वपूर्ण विषयों के शिक्षक नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने शनिवार को विद्यालय के मुख्य दरवाजे पर ताला जड़ दिया। ग्रामीणों ने कहा कि शिक्षकों के अभाव में विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और परीक्षा परिणाम पर भी इसका असर पड़ सकता है।
विद्यालय में तालाबंदी की सूचना मिलते ही शिक्षा विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से करीब डेढ़ घंटे तक बातचीत की और उनकी समस्या जल्द दूर करने का आश्वासन दिया। अधिकारियों ने सोमवार तक गणित और विज्ञान विषय के शिक्षकों की नियुक्ति करने का भरोसा दिलाया, जिसके बाद ग्रामीणों ने विद्यालय का ताला खोल दिया।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि तय समय सीमा में शिक्षकों की नियुक्ति नहीं की गयी तो वे दोबारा आंदोलन करने को मजबूर होंगे। ग्रामीणों ने कहा कि सरकारी स्कूल में पहले से ही शिक्षकों की कमी है, ऐसे में गणित और विज्ञान जैसे महत्वपूर्ण विषयों के शिक्षक पांच महीने से नहीं होने से विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित