सुल्तानपुर लोधी , सितंबर 28 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की 'नशा मुक्त पंजाब यात्रा' के दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय सांपला ने भगवंत मान सरकार पर नशे के मुद्दे को लेकर निशाना साधते हुए कहा कि सरकारी आंकड़ों और दावों से अलग पंजाब की गलियों, घरों और नशे के कारण अपनों को खो चुकी माताओं का दर्द जमीनी स्थिति बयां करता है।

श्री सांपला ने सोमवार को सुल्तानपुर लोधी की मनजीत कौर का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने नशे के कारण अपने पांच पुत्रों को खोया है। उन्होंने कहा कि एक मां का यह दर्द किसी सरकारी आंकड़े से नहीं मापा जा सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी ने सत्ता में आने से पहले तीन महीने में नशा खत्म करने का वादा किया था, लेकिन साढ़े चार साल बाद भी नशे की बिक्री और होम डिलीवरी की शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि केवल गिरफ्तारियों के आंकड़े बताने से नशा खत्म नहीं होगा और नशे की आपूर्ति श्रृंखला, बड़े तस्करों तथा उनके कथित संरक्षण पर कार्रवाई जरूरी है। उन्होंने नशा तस्करी के खिलाफ शिकायत करने वाले लोगों को कथित धमकियों और हिंसा के मामलों का जिक्र करते हुए कहा कि ऐसे लोगों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए।

श्री सांपला ने नशा मुक्त पंजाब यात्रा के विरोध में काले झंडे दिखाने वालों पर भी सवाल उठाया और कहा कि नशे के खिलाफ अभियान को राजनीतिक मतभेदों से अलग रखा जाना चाहिए। उन्होंने केंद्र और पंजाब के लोगों के संयुक्त प्रयासों से नशामुक्ति अभियान को मजबूत करने की बात कही।

हरियाणा के पूर्व मंत्री असीम गोयल ने भी राज्य सरकार पर नशे के मुद्दे पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि नशे के कारण पंजाब की युवा पीढ़ी का भविष्य प्रभावित हो रहा है और सरकार को नशे की आपूर्ति श्रृंखला पर कार्रवाई का जवाब देना चाहिए।

पंजाब भाजपा के उपाध्यक्ष और यात्रा के संयोजक रविकरण सिंह काहलों ने कहा कि पंजाब को नशे की समस्या से बाहर निकालने के लिए निर्णायक कार्रवाई की जरूरत है। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर नशे और नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई प्राथमिकता होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित