अलवर , जुलाई 21 -- राजस्थान में कोटपूतली-बहरोड़ जिले के बानसूर थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रेलर और भारी वाहनों की चोरी करके उन्हें काटकर कबाड़ के रूप में बेचने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है।
बानसूर और हरसौरा थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब पांच करोड़ रुपये कीमत के वाहन, ट्रेलर के हिस्से, दो पिकअप, एक हाइड्रा क्रेन, बोलेरो, तीन मोटरसाइकिलें, गैस कटर, ऑक्सीजन एवं एलपीजी सिलेंडर सहित भारी मात्रा में कटाई के उपकरण बरामद किए हैं। साथ ही एक देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस सूत्रोंं ने बताया कि थाना प्रभारी राजेश कुमार मीणा के नेतृत्व में गठित दल ने गांव गुवाड़ा में दबिश देकर कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस ने बताया कि हरियाणा, दिल्ली-एनसीआर और राजस्थान से ट्रेलर एवं भारी वाहन चोरी करके गुवाड़ा गांव लाता था। यहां गैस कटर से वाहनों को अलग-अलग हिस्सों में काटकर उनके कलपुर्जे और अन्य हिस्से विभिन्न स्थानों पर बेच दिए जाते थे। जांच में अब तक हरियाणा के गुरुग्राम और राजस्थान के सवाई माधोपुर से चोरी हुए दो ट्रेलरों की पहचान हो चुकी है, जबकि अन्य बरामद हिस्सों के संबंध में जांच जारी है।
पुलिस ने बताया कि गिरोह का मुख्य सरगना आरिफ मेव फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपियों में प्रशांत उर्फ गोलू, विक्रम कुमार, प्रकाशचंद, सुनील कुमार, मोनू वर्मा और राहुल कुमार शामिल हैं।
पुलिस का कहना है कि बरामद अन्य वाहनों और उनके पुर्जों की पहचान करके उनके वास्तविक मालिकों का पता लगाया जा रहा है और गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश भी जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित