पटना , मार्च 25 -- बिहार में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का स्थापना दिवस पांच अप्रैल से 12 अप्रैल तक मनाया जाएगा।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने पार्टी के स्थापना दिवस को लेकर प्रदेश कार्यालय में आयोजित बैठक में कहा कि पांच से सात अप्रैल को पार्टी पदाधिकारी कार्यालय की सजावट करेंगे, छह अप्रैल को सभी कार्यालयों में विकास यात्रा होगी। उन्होंने बताया कि कार्यकर्ता अपने-अपने घरों पर भाजपा का ध्वजारोहण करेंगे। ध्वज के साथ सेल्फी लेना और सोशल मीडिया पर पोस्ट करना है। छह या सात अप्रैल को प्रत्येक बूथ पर प्राथमिक और सक्रिय सदस्यों के साथ स्थापना दिवस मनाया जाएगा।
श्री सरावगी ने बताया कि आठ और नौ अप्रैल को जिला कार्यालय में सक्रिय सदस्यों का सम्मेलन आयोजित किया जाएगा जिसमें विभिन्न चयनित विषयों पर चर्चा की जाएगी। इस दौरान सात से 12 अप्रैल तक गाँव बस्ती चलो अभियान चलाया जाएगा जिसमें सभी पार्षद, पंचायत सदस्य के ऊपर के जनप्रतिनिधियों सहित पार्टी के सभी कार्यकर्ता भाग लेंगे। यह कार्यक्रम एक विधानसभा में 50 बड़े गाँव में आयोजित किए जाएंगे।
इस अवसर पर संगठन महामंत्री भीखूभाई दलसानिया ने कहा कि इस बार स्थापना दिवस को लेकर पूरी तैयारी की जा रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश स्तर पर स्थापना दिवस कार्यक्रम के क्रियान्वयन के लिए संयोजक बनाए गए हैं। इस टोली में प्रदेश महामंत्री राधामोहन शर्मा, पूर्व विधायक पवन जायसवाल, पिंकी कुशवाहा, सत्यपाल नरोत्तम और राजीव रंजन को शामिल किया गया है। इसके लिए 13 भागों में क्षेत्रवार कार्यक्रम प्रभारी बनाए गए हैं।
इस बैठक में मुख्यालय सह प्रभारी दिलिप मिश्रा, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी प्रभात मालाकार, सोशल मीडिया सह संयोजक अंबरीश शर्मा मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित