श्रीगंगानगर , अगस्त 01 -- पंजाब से राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले को गंगनहर में तय हिस्से के मुताबिक पानी न मिलने और नहर की सफाई न होने के मुद्दे पर किसानों में भारी आक्रोश है।
इसी मुद्दे को लेकर पांच अगस्त को जिला कलेक्ट्रेट के नजदीक महाराजा गंगासिंह चौक पर प्रस्तावित किसानों के महापड़ाव की तैयारियों के लिए शनिवार को चक 40 जीबी गुरुद्वारा साहिब में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।बैठक में किसान नेताओं ने राजस्थान सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार पंजाब से गंगनहर में निर्धारित हिस्से के हिसाब से पानी लेने में पूरी तरह नाकाम रही है।
किसान नेताओं ने कहा कि नहर की सफाई के लिए राजस्थान सरकार द्वारा पंजाब को पैसा दिए हुए दो वर्ष से अधिक समय हो चुका है, लेकिन अब तक सफाई का काम नहीं हुआ है। नतीजा यह है कि हिमाचल प्रदेश में बांध से पर्याप्त पानी छोड़े जाने के बावजूद गंगनहर में किसानों को उनके निर्धारित हिस्से के अनुसार पानी नहीं मिल पा रहा है।
उपस्थित किसानों ने एकमत होकर कहा कि सरकार, सिंचाई विभाग और जनप्रतिनिधियों द्वारा पूरे गंगनहर क्षेत्र को लावारिस मानकर अनदेखा किया जा रहा है। किसान नेताओं ने पांच अगस्त को महाराजा गंगासिंह चौक पर होने वाले महापड़ाव में किसानों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित